- दिल्ली देश का दिल है और यह हम सब के लिए बड़े गर्व की बात है: द्रौपदी मुर्मू
- दिल्ली भाजपा द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में पूर्ण समर्थन करती है: आदेश गुप्ता
- भाजपा के सांसदों एवं विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू से मिलकर उन्हें भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया
नई दिल्ली, 10 जुलाई 2022: दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता की अगुवाई में रविवार को दिल्ली के सांसदों एवं विधायकों ने एनडीए समर्थित राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट किया। सभी ने द्रौपदी मुर्मू द्वारा मिले मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के प्रतिनिधियों से अपने लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली देश का दिल है और यह हम सब के लिए बड़े गर्व की बात है कि एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाकर एनडीए ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। आदिवासी महिला के रूप में मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजीवन मैंने महिला, गरीब, आदिवासियों के लिए काम किया है। जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया है। मैं देश के लिए हमेशा काम करने के लिए तैयार थी, हूं और रहूंगी।
मुलाकात के बाद आदेश गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिल्ली भाजपा द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में पूर्ण समर्थन करती है। उनसे हुई बातचीत काफी प्रेरणादायी है और वे एक कुशल व्यक्तित्व की धनी महिला हैं। गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को चरितार्थ करते हुए समाज के जनजाति वर्ग से आने वाली महिला को देश के सर्वाेच्च पद पर सर्वाेच्च पद पर नामित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए दिल्ली भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करती है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि जीवन में आने वाली तमाम समस्याओं के बावजूद द्रौपदी मुर्मू सामाजिक सेवा करने से पीछे नहीं हटी। स्वतंत्र भारत के इतिहास में द्रौपदी मुर्मू के रूप में पहली बार किसी आदिवासी महिला को सर्वाेच्च पद पर नामित करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को सार्थक करने के लिए आज दिल्ली भाजपा के सांसदों एवं विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू से मिलकर उन्हें भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया।
आदेश गुप्ता के साथ इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह एवं गौतम गंभीर, भाजपा का राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, विधायक वीजेन्द्र गुप्ता, अनिल बाजपेयी, मोहन सिंह बिष्ट, जितेन्द्र महाजन, अजय महावर एवं अभय वर्मा मौजूद थे।