नई दिल्ली, 12 जुलाई 2022: दिल्ली नगर निगम ने वायु प्रदूषण को कम करने और हरियाली बढ़ाने के लिए मंगलवार को सभी जोन में विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की और व्यापक स्तर पर पौधे व वृक्ष लगाये गये। सभी जोन में उपायुक्त व वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय रूप से अभियान में भाग लिया और पार्कों, स्कूलों, ग्रीन बेल्ट, खाली प्लांटो आदि में स्वयं पौधे लगाये व उद्यान विभाग के कर्मियों व मालियों का उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष दिल्ली नगर निगम का लक्ष्य लगभग 85 हजार पेड़ व लगभग 5 लाख झाडियां व सजावटी पौधे लगाने की योजना है, साथ ही यह भी लक्ष्य है कि विशेषकर ऐसे पौधे लगाये जाये जिनसे प्रदूषण के
स्तर में कमी आये।
इस अभियान में विशेषकर ऐसे पौधे लगाए गए जिनसे प्रदूषण के स्तर पर कमी आएगी। बड़े पत्ते वाले पेड़ जैसे कि पलाश, बेर, झिलमिल और पीपल जैसे वृक्ष प्रदूषण को कम करने में सहायक सिद्ध हुए है, इन पौधों को सभी जोनों में लगाया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जोन में रूद्राक्ष, अमलतास, अशोक, मोलसरी, नीम, कचनार, चम्पा और अफ्रीकन महोगनी के पेड़ लगाए गए। इस अभियान से दिल्ली में हरियाली बढ़ेगी व प्रदूषण कम होगा। केशवपुरम जोन में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष रूप से स्कूली बच्चों, आर.डब्ल्यू. ए व निगम अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 4039 पेड़ और 8025 पौधे स्कूलों, पार्कों, सड़कों के किनारे आदि में लगाये। इस अभियान के दौरान केशवपुरम जोन में 8 हजार पेड़ व 35 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है।
शाहदरा नॉर्थ जोन में भी इस अभियान के अंतर्गत रोहताश नगर, करावल नगर, दिलशाद गार्ड़न, नन्द नगरी क्षेत्र में लगभग 3 हजार पौधे व वृक्ष लगाये गये।। इस अभियान के दौरान शाहदरा नॉर्थ जोन में 28 हजार वृक्ष व पौधे लगाने का लक्ष्य है। शाहदरा दक्षिणी जोन में भी मयूर विहार, प्रीत विहार, गीता कॉलोनी, इंदिरा पार्क क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत लगभग 3 हजार पौधे व वृक्ष लगाये गये। इस अभियान के दौरान शाहदरा नॉर्थ जोन में 40 हजार वृक्ष व पौधे लगाने का लक्ष्य है।
पश्चिमी जोन के पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, जनकपुरी, टैगोर गार्डन, तिलक नगर, विकासपुरी के पार्कों में लगभग 600 से अधिक पेड़ व पौधे लगाये। सिटी-एसपी जोन में भी आज जामा मस्जिद के आस-पास के क्षेत्र, सुभद्रा कॉलोनी आदि क्षेत्र के विभिन्न पार्कों में 2 हजार पौधे लगाये गये। रोहिणी जोन के पश्चिमी विहार, सुल्तान पुरी, मंगोलपुरी आदि क्षेत्र के बड़े पार्कों में वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया गया। नरेला जोन के सेक्टर 22/23 रोहिणी व आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया। इस अभियान के दौरान नरेला जोन में 36 हजार वृक्ष व पौधे लगाने का लक्ष्य है। सिविल लाइन जोन में जहाँगीर पुरी, मुखर्जी नगर, टैगोर पार्क आदि में लगभग 600 वृक्ष व पौधे लगाये गये। जोन को इस वर्ष 45 हजार पेड़ व पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करना है।
मध्य जोन में भी डिफेंस कॉलोनी, ओखला, जंग पुरा, सनलाइट कॉलोनी के पार्कों में आज 300 से अधिक वृक्ष व पौधे लगाये गये। नजफगढ़ जोन में द्वारका सेक्टर 29 एवं सेक्टर 14 के पार्कों व सड़को के किनारे 200 से अधिक वृक्षरोपण किया गया। दक्षिणी जोन में हौज खास, देवली, छत्तरपुर, मुनरिका आदि क्षेत्र में 1455 पौधे व 675 पेड़ लगाये गये।