- आने वाले दिनों में कहां-कहां होगा सैनिटाईजशन कार्य, जानें
- संक्रमण को हराने के लिए हर कदम उठा रहा है प्रशासन
- अलग अलग दिन होगा अलग अलग जगह स्पे्र
नई दिल्ली: नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अग्निशमन विभाग के समन्वय के साथ स्वास्थ्य विभाग ने दैनिक आधार पर कोरोना महामारी से निपटने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में फायर टैंकरों की मदद से मुख्य सड़कों की कीटाणुशोधन दवाइयों का छिड़काव किया। यह सेनिटाइजेशन अभियान सोमवार से शुरू किया गया है और आने वाले दिनों में एक नियमित कार्यक्रम के अनुसार होने जा रहा है। पालिका परिषद प्रशासन की देखरेख में यह अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को फायर टैंकरों के माध्यम से लोधी रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मैक्स मुलेर मार्ग, शाहजहां रोड और पंडारा रोड पर दवा का छिड़काव किया गया। प्रशासन के अनुसार कोरोना संदिग्ध के संभावित क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा।
इन अग्निशमन टैंकरों के उपयोग से 1 प्रतिशत सोडियम हाइपोक्लोराइट तरलघोल के साथ नई दिल्ली क्षेत्र में सड़कों, किनारों और फुटपाथ पर यह कीटाणुशोधन व सैनिटाइजेशन अभियान चल रहा है। यह अभियान बागवानी टैंकरों और स्वच्छता कर्मचारियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली अन्य स्प्रे मशीनों के साथ कीटाणुशोधन करने के लिए किए गए अन्य उपायों के अतिरिक्त चलाया जा रहा है।
इस अभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार को यह अभियान मदर टेरेसा क्रीसेंट, पार्क स्ट्रीट, शंकर रोड, मंदिर मार्ग, आरके आश्रम मार्ग, पेशवा रोड, काली बाड़ी मार्ग, उद्यान मार्ग, तालकटोरा रोड, चर्च रोड और गुरुद्वारा रकाबगंज को कवर करेगा। कनॉट प्लेस के आसपास जैसे संसद मार्ग, जय सिंह रोड, जन पथ, चेम्सफोर्ड रोड, पंचकुइया रोड, शहीद भगत सिंह मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और बंगला साहिब रोड के आसपास का क्षेत्र गुरुवार को इस कीटाणुशोधन अभियान में शामिल होगा।
कस्तूरबा गांधी मार्ग, अतुल ग्रोव रोड, हेली रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, बाराखंभा रोड, कोपरनिक्स मार्ग, भगवान दास रोड, मानसिंह रोड, पृथ्वी राज रोड, हुमायूं रोड और फिरोज शाह रोड को शुक्रवार को सैनिटाइजेशन अभियान में शामिल किया जाएगा। शनिवार को, यह अभियान इंडिया गेट, सी- हेक्सागन, राजेन्द्र प्रसाद रोड, तुगलक रोड और अरबिंदो मार्ग के आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइजेशन में कवर करेगा। रविवार को यह कीटाणुशोधन व सैनिटाइजेशन स्प्रे अभियान चाणक्य पुरी, एसपी मार्ग, नीति मार्ग, न्याय मार्ग, विनय मार्ग, सत्य मार्ग और पंचशील मार्ग के क्षेत्र में चलाया जाएगा।
पालिका परिषद के इस कीटाणुशोधन, सैनिटाइजेशन छिड़काव कार्यक्रम के पहले दौर के अंतिम दिन सोमवार को शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू, होशियार सिंह मार्ग, सफदरजंग रोड, तीन मूर्ति रोड, तीस जनवरी मार्ग, कृष्ण मेनन मार्ग और अकबर रोड से समाप्त किया जाएगा।