Friday, July 26, 2024
Homeताजा खबरेंपूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लवली के साथ कई कांग्रेस नेताओं ने थामा भाजपा...

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लवली के साथ कई कांग्रेस नेताओं ने थामा भाजपा का हाथ

– आने वाले चुनाव में हमें भी आपसे काफी मजबूती मिलेगी : भाजपा

नई दिल्ली, 4 मई, 2024 

पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सरदार अरविंदर सिंह लवली के साथ पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक नसीब सिंह एवं नीरज बसोया और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर  केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जिस मजबूती के साथ कांग्रेस नेताओं व पूर्व मंत्रियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, हमें उम्मीद है कि आने वाले चुनाव में हमें भी आपसे काफी मजबूती मिलेगी। पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सरदार अरविंदर सिंह लवली, पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक नसीब सिंह एवं नीरज बसोया और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की बधाई देते हुए उक्त संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा में शामिल होने वाले गणमान्यों की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है और उनके आने से भाजपा को दिल्ली में और मजबूती मिलेगी, इसमें कोई दो राय नहीं है। शामिल होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार के कार्यों की तारीफ की और दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर आप नेताओं पर निशाना साधा।

प्रदेश भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सरदार अरविंदर सिंह लवली, पूर्व मंत्री राज कुमार चौहान, पूर्व विधायक नसीब सिंह एवं नीरज बसोया और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक ने शनिवार को भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवादी राजनीतिक कार्य में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। केन्द्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा के मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और सह प्रमुख संजय मयूख की उपस्थिति में पांचों दिल्ली कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हुए। सरदार हरदीप सिंह पुरी, विनोद तावड़े और वीरेंद्र सचदेवा ने कांग्रेस नेताओं का स्वागत भाजपा के रंगीन पटके पहना कर, फूलों के गुच्छे प्रस्तुत कर और उन्हें भाजपा की सदस्यता की पर्ची जारी की।

– भ्रष्टाचारी सरकार के खिलाफ लड़ाई में देंगे अपना योगदान : लवली
सरदार अरविन्दर सिंह लवली ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमें उस वक्त मौका दिया है जब हम सभी राजनीतिक रूप से खोए हुए थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में और दिल्ली की भ्रष्टाचारी सरकार के खिलाफ लड़ाई में हम लगातार अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली वाले चाहते हैं कि भाजपा की सरकार बने। दिल्ली में पिछले 10 सालों में जो नकारात्मक माहौल हुआ है उसे बदलने के लिए हम पूरी तरह से तैयार है और आगामी समय में दिल्ली के अंदर भी भाजपा का परचम लहरायेगा।

राजकुमार चौहान ने कहा कि शराब घोटाला करने वाले लोग किस प्रकार से दिल्ली की जनता को लूटने का काम कर रहे हैं, इन सभी बातों को हम जनता के बीच लेकर जाएंगे। आम आदमी पार्टी ने जनता से किए गए हर वायदों को झूठा साबित किया है। वहीं, पूर्व विधायक नसीब सिंह ने कहा कि आज दिल्ली के अंदर एक ऐसी पार्टी है जिसने दिल्ली के लोगों से झूठे वादे करके उन्हें गुमराह करने का काम किया है। भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त केजरीवाल सरकार के साथ कांग्रेस ने जनता के प्रति अपने भरोसे को खो दिया है। जबकि पूर्व विधायक नीरज बसोया ने कहा कि दिल्ली के अंदर गठबंधन सिर्फ चुनाव में सीटों को लेकर है जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कोई तालमेल नहीं है। आम आदमी पार्टी जो कांग्रेस को भ्रष्टाचारी बताकर बदनाम कर सत्ता में आई, आज खुद भ्रष्टाचार में डूबी हुई है इसलिए उसने कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments